अल-आलम की रिपोर्ट के मुताबिक़, सोशल मीडियो पर जारी वीडियो में राजकुमार अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़ एक यूरोपीय देश में सऊदी दूतावास के सामने आले सऊद शासन की नीतियों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे लोगों से कहा, नारेबाज़ी करने के बजाए शाह सलमान और युवराज मोहम्मद बिन सलमान के ख़िलाफ़ महाभियोग चलाएं।
आले सऊद परिवार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करने वाले प्रदर्शनकारियों से सऊदी राजकुमार ने कहा, सऊदी अरब के विनाश का ज़िम्मेदार यह परिवार नहीं, बल्कि शाह सलमान और उनका बेटा है।
ग़ौरतलब है कि सऊदी शाह सलमान ने आले सऊद परिवार की परम्परा को तोड़ते हुए अपने उत्तराधिकारी मोहम्मद बिन नायफ़ को हटाकर अपने बेटे मोहम्मद बिन सलमान को अपना उत्तराधिकारी बना दिया है।
मोहम्मद बिन सलमान सऊदी अरब के रक्षा मंत्री भी हैं, उन्होंने ही अपने पड़ोसी देश यमन के ख़िलाफ़ मार्च 2015 में युद्ध छेड़ने का आदेश दिया था, जो साढ़े तीन साल बीत जाने के बावजूद आज भी जारी है और इसमें हज़ारों यमनी बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की जानें जा चुकी हैं।
यमन युद्ध और अन्य देशों में आतंकवाद के समर्थन के बोझ के तले सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गई है और अब इसका विरोध ख़ुद आले सऊद परिवार के भीतर शुरू हो गया है।
सऊदी राजकुमार अहमद बिन अब्दुल अज़ीज़ का कहना था कि हम शुरू से ही यमन के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने के विरोधी थे और काफ़ी समय से इसे बंद करने की मांग कर रहे हैं।